संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बालयोगी बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में एक माह तक चले चैत्र मास मेलों में श्रद्धालुओं की संख्या के साथ-साथ चढ़ावे में भी गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले वर्ष के मुकाबले पौने तीन लाख रुपये चढ़ावा कम चढ़ा है। सोने-चांदी के चढ़ावे में भी गिरावट दर्ज की गई है।
इस गिरावट का मुख्य कारण मौसम का प्रतिकूल रहना तथा सीमा पर हुआ विवाद भी माना जा रहा है। बाबा बालक नाथ मंदिर में इस वर्ष चैत्र मास मेलों में लगभग 7.5 लाख श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया। पिछले वर्ष यह आंकड़ा करीब 12 लाख था।
14 मार्च से 13 अप्रैल तक मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में आठ करोड़ 36 लाख 61 हजार 366 रुपये प्राप्त हुए। पिछले वर्ष आठ करोड़ 39 लाख 43 हजार 466 रुपये का चढ़ावा चढ़ा था। इसमें दो लाख 82 हजार 100 रुपये की गिरावट दर्ज हुई।
इस वर्ष मंदिर न्यास को पांच करोड़ 93 लाख 55 हजार 359 रुपये ऑफरिंग के रूप में तथा डोनेशन के रूप में दो करोड़ 43 लाख छह हजार सात रुपये प्राप्त हुए हैं। एक माह में मंदिर न्यास ने 1207 बकरों की नीलामी की। इससे मंदिर न्यास को 34 लाख 92 हजार 800 रुपये प्राप्त हुए। पिछले वर्ष 1220 बकरों की नीलामी की गई थी जिससे 33 लाख 24 हजार 400 रुपये प्राप्त हुए थे।
इस वर्ष सोना 170.37 ग्राम चढ़ा जबकि पिछले वर्ष 201.13 ग्राम चढ़ा था। चांदी इस वर्ष तीन किलो 318 ग्राम 315 मिलीग्राम जबकि पिछले वर्ष 4 किलो 979 ग्राम 25 मिलीग्राम चढ़ी थी।
विदेशी मुद्रा के रूप में इस वर्ष यूएस डॉलर 15935 चढ़े जबकि पिछले वर्ष 11997 चढ़ाए गए थे। इंग्लैंड पौंड पिछले वर्ष 7705 और इस वर्ष 6745, यूएस डालर पिछले 11997 व इस वर्ष 15935, यूरो पिछले वर्ष 2680 और इस वर्ष 3645 चढ़े।
वहीं, कनाडा डॉलर पिछले वर्ष 18541 और इस वर्ष 15758, आस्ट्रेलिया डालर गत वर्ष 2795 और इस वर्ष 5225, यूएई पिछले वर्ष 5690 व इस वर्ष 4445, कतर रियाल पिछले वर्ष 79 व इस वर्ष 641, सऊदी अरब पिछले वर्ष 25 व इस वर्ष 190, न्यूजीलैंड डॉलर पिछले वर्ष 670 व इस वर्ष 525, कुवैत दीनार पिछले वर्ष 5 व इस वर्ष 30, ओमान रियाल पिछले वर्ष 3 व इस वर्ष 208, सिंगापुर डॉलर पिछले वर्ष 128 व इस वर्ष 67, बहरीन दीनार पिछले वर्ष आठ व इस वर्ष 11 और मलेशिया मुद्रा पिछले वर्ष 308 व इस वर्ष 154 चढ़ाई गई।
इस वर्ष पौणाहारी के दरबार में फिलीपींस की मुद्रा के रूप में 1100 फिलीपीन पेसो व स्कॉटलैंड मुद्रा 43 चढ़ावे के रूप में चढ़ाए हैं।
उधर, मंदिर न्यास अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि इस वर्ष करीब 7.5 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं । आठ करोड़ रुपये से अधिक चढ़ावा प्राप्त हुए हैं।