गगल (कांगड़ा)। पुलिस थाना गगल के तहत आते गांव क्योड़ियां में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान चोर घर की खिड़की तोड़कर कमरे में रखे चांदी के गहने ले उड़े हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने चांदी की पायल और छोटे बच्चों के चांदी के कंगन व अन्य सामान को चुराया है। जिस समय चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, उस समय घर में मौजूद सास व बहू दूसरे कमरे में सो रही थीं। हालांकि, उन्हें भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात शातिरों ने एक घर की खिड़की तोड़कर घर से चांदी के गहने चुरा लिए। उन्होंने अलमारियों को तोड़ दिया और सारा सामान इधर-उधर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह वारदात हुई, उस समय 60 वर्षीय सुरेखा देवी अपनी बहू नीलम के साथ दूसरे कमरे में सोई हुई थीं। सुरेखा का बेटा पंजाब में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वहीं जांच अधिकारी नसीब चंद ने बताया कि पुलिस हर पहलू से घटना की जांच पड़ताल कर रही है।