धर्मशाला। कभी गर्मी और कभी बारिश, ऐसा मौसम लोगों को बीमार कर रहा है। खासकर, उल्टी, दस्त और बुखार ने नौनिहालों को अपनी चपेट में ले लिया है। जिले के अस्पतालों में रोजाना बच्चों की ओपीडी सैकड़ों में पहुंच रही है।
सोमवार को धर्मशाला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में 210 बच्चों की जांच की गई। इसमें किसी भी बच्चे को अस्पताल में दाखिल नहीं किया गया। अभी तक 11 बच्चे धर्मशाला अस्पताल में दाखिल हैं। इनमें तीन बच्चे डायरिया और आठ सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। अस्पताल में बच्चों के वार्ड में 34 बिस्तरों की क्षमता है।
जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा में बदलते मौसम के चलते नौनिहाल वायरल फीवर की चपेट में आए हैं। अस्पतालों की बाल रोग ओपीडी में रोजाना सैकड़ों बच्चों की जांच की जा रही है। चिकित्सकों की मानें जिले में बदल रहे मौसम के कारण बच्चे वायरल फीवर की चपेट में आए हैं। वहीं बाहर के खाने से भी बच्चों में फूड प्वाइजनिंग हो रही है। सोमवार को धर्मशाला अस्पताल में अपने बच्चों को लेकर आए परिजनों की भीड़ जुटी रही।
बाहर के खाने से करवाएं परहेज : डॉ. दत्ता
बाल रोग विशेषज्ञ और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय दत्ता ने बताया कि इन दिनों वायरल फीवर के कारण बच्चों की ओपीडी बढ़ी है। उन्होंने बच्चों के परिजनों को सलाह देते हुए कहा कि वह अपने बच्चों से बाहर के खाने से परहेज करवाएं। बच्चों को घर में बना खाना ही खिलाएं।