कांगड़ा। विकास खंड कांगड़ा के तहत पंचायत तरसूह के प्रधान की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार प्रधान का शव घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से लटका दिखा और उसे बचाने के लिए वह शव को फंदे से उतारकर घर ले आए। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने तरसूह पंचायत के प्रधान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर से बरामद किया। 44 वर्षीय अंकुश इससे पहले पंचायत के उपप्रधान भी रह चुके हैं। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि जब परिजन अंकुश को ढूंढने गए तो पेड़ से लटका देखा। उसे बचाने की कोशिश में परिजन उसे घर लेकर आए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव उसके घर से बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पेड़ से लटकने के लिए प्रयोग में लाई गई रस्सी भी पुलिस ने बरामद कर ली है। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।
उन्होंने बताया कि बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं अंकुश की मौत को लेकर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के प्रधान की इस तरह से हुई मौत को लेकर लोग सकते में हैं। निकटवर्ती पंचायतों के प्रतिनिधि शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। अंकुश अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, छठी में पढ़ने वाली एक बेटी और दो जुड़वां बेटे छोड़ गया है।