संवाद न्यूज एजेंसी
ज्वालामुखी/खुंडियां (कांगड़ा)। उपमंडल के तहत पंचायत अलुहा आघार की एक महिला का शव क्षेत्र में ही नाले में मिला है। महिला सोमवार को घर से दराट लेकर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं लौटी तो घर के सदस्यों और आसपड़ोस के लोगों ने उसे बहुत ढूंढा लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह जब परिवार के सदस्यों ने तलाश शुरू की तो पाया कि महिला कुशला देवी नाले में औंधे मुंह गिरी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
ज्वालामुखी के डीएसपी आरपी जसवाल ने बताया कि कुशला देवी (55) पत्नी अजीत कुमार के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके पर परिवार और अन्य लोगों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। महिला के दो बेटों ने किसी के भी ऊपर शक जाहिर नहीं किया है। परिजनों ने बताया कि महिला गांव के नजदीक दड़ स्थित बरसाती नाले के पास पशुओं के लिए हरा चारा जुटाने गई थी। प्रारंभिक जांच में महिला के पांव फिसल कर नाले में गिर कर हुई मौत का कारण माना जा रहा है। मौके पर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होगी।