सैंज मेले की सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका पूनम सरमेक ने मचाया धमाल
वॉयस ऑफ सैंज के कलाकारों ने भी दी दमदार प्रस्तुति, पांच का चयन अगले दौर के लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सैंज (कुल्लू)। जिलास्तरीय सैंज मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोकगायिका पूनम सरमेक ने खूब धमाल मचाया। सांस्कृतिक संध्या का आगाज वॉयस ऑफ सैंज प्रतियोगिता से हुआ। इसमें दस प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने पांच प्रतिभागियों को अगले दौर के लिए चयनित किया। इसके उपरांत स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
स्थानीय कलाकार गुंजन शर्मा ने कला लाड़िये ऊझी री झेचिये, रोहित ठाकुर ने गोरा-गोरा मुखड़ा तेरा बामणीये, टेला सोनी ने तेरा-मेरा प्यार अड़िये बचपना रा, लीला ठाकुर ने करी लैणी करी लैणी पहाड़ां री सैर गीत पेश किया। बीएस राणा ने साजन निकलूं बेकार औधी बोता चोडू दिलड़ू आदि पहाड़ी गीत गाकर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
सास्कृतिक संध्या की स्टार कलाकार पूनम सरमेक ने मेरे रश्के कमर तेरी पहली नजर, कजरा मोहब्बत वाला गीतों से समां बांधा। साथ ही पहाड़ी गीतों कौंडा चूटा कुमरो रा, साहिबा री बीबीये, रंग लाणा चुना गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को खूब झुमाया। इस दौरान मेला कमेटी के प्रधान राजेश वशिष्ठ, महासचिव मोहर सिंह ठाकुर, मुख्य सलाहकार यान सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष धनी राम ठाकुर, सचिव टेक सिंह ठाकुर, जीत राम ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद