धर्मशाला। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर रविवार को जिला कांगड़ा में शोभायात्राएं निकाली गई। इसमें राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। रविवार शाम को कैंट रोड स्थित सनातन धर्मसभा मंदिर में श्रीकृष्ण के जन्म की पूर्व संध्या पर शाम को चार बजे भव्य झांकियां निकाली गईं। इसमें बाल गोपाल, राधा रानी और माखन चोर की भव्य शोभा यात्रा कोतवाली बाजार से कचहरी अड्डा होते हुए फिर कोतवाली बाजार पहुंची।
इस दौरान शहर के सैकड़ों लोगों ने शाेभायात्रा में भाग लिया। इस दौरान पूरा शहर कृष्ण और राधा रानी के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, सोमवार को जन्माष्टमी पर जिला के मंदिरों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कोतवाली बाजार के राधा कृष्ण मंदिर में शाम को भजन कीर्तन के अलावा दिनभर मंदिर में कृष्ण भजनों को गुणगान किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर में फलहार का प्रसाद भी बांटा जाएगा।