थुरल (कांगड़ा)। महाराजा संसार चंद स्मारक राजकीय महाविद्यालय थुरल में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन साइबर अपराध, ट्रैफिक नियम और नशा मुक्ति पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता भवारना पुलिस थाना प्रभारी गुरदेव सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, यातायात नियमों एवं नशा मुक्ति जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सतर्कता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। यातायात नियमों पर उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल और सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया। नशा मुक्ति विषय पर उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी तथा इसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनका स्वस्थ एवं सुरक्षित रहना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. राका शर्मा ने मुख्यातिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी पवन राणा, वरुण, दीक्षा, रिया, तमन्ना, शिवानी, नैंसी, इशिका, मुस्कान, पायल, पलक, शिवांगी और इशिता आदि उपस्थित रहे। संवाद