पालमपुर में होली मेले की बैठक में एसडीएम डा. अमित गुलेरिया व अन्य अधिकारी
- फोटो : Kangra
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में दो साल बाद राज्य स्तरीय होली मेला होने की आस जग गई है। प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, कोविड-19 के कुछ प्रोटोकॉल के चलते कई कार्यक्रमों में कटौती हो सकती है। लेकिन प्रशासन ने पालमपुर में होली मेला करने का फैसला लिया है। इसमें अभी तक सांस्कृतिक संध्यायों का आयोजन भी शामिल है। इनमें स्थानीय पहाड़ी व बाहरी राज्यों को कलाकारों को बुलाया जाएगा।
मेले को लेकर पालमपुर में एसडीएम डॉ. अमित गुलेरिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सरकारी विभागों के अधिकारियों और अन्य ने भाग लिया। एसडीएम ने ताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप और कोविड नियमों की अनुपालना के साथ राज्य स्तरीय होली महोत्सव का आयोजन 15 से 18 मार्च तक शहीद कैप्टन विक्रम बतरा मैदान पालमपुर में किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से मेले के सफल आयोजन के लिए निर्धारित धनसंग्रह के लक्ष्य को पूरा करने की अपील भी की। मेले के महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा।
कहा कि महोत्सव में खेलों तथा दंगल का आयोजन इस बार नहीं किया जाएगा। लेकिन मेले में चारों सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण झांकियों का आयोजन भी पूर्व की तरह किया जाना प्रस्तावित है। कहा कि होली मेले को लेकर यह पहली बैठक है। जल्द ही फिर बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें मेला समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम पालमपुर के अतिरिक्त आयुक्त शिव मोहन सैनी, डीएफओ नितिन पाटिल, तहसीलदार सार्थक शर्मा, बीडीओ भवारना संकल्प गौतम, बीडीओ सुलाह सिकंदर कुमार सहित उपमंडल के सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।