धर्मशाला। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय धर्मशाला में मंगलवार दोपहर को अपने काम करवाने पहुंचे लोगों को कार्यालय में एक भी कर्मचारी अपनी कुर्सी पर नहीं मिला। कथित तौर पर सभी कर्मचारियों के धाम खाने चले जाने के कारण पूरा कार्यालय खाली था। मामला सामने आने के बाद आरटीओ ने कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
इसका खुलासा तब हुआ जब जिला परिषद सदस्य जोगिंद्र कुमार पंकू कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के अंदर जाकर खाली कुर्सियों और सन्नाटे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में उन्होंने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान कोई भी कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं है।
पंकू ने कहा कि जब सरकार ने खाना खाने के लिए एक निश्चित समय तय किया है, तो कर्मचारी उस समय से पहले कैसे सामूहिक रूप से कार्यालय छोड़कर जा सकते हैं। इस मनमानी के कारण काम करवाने आए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्होंने तुरंत आरटीओ को फोन पर इसकी जानकारी दी और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
मामला उजागर होने के बाद आरटीओ मुनीष सोनी ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि मंगलवार को ड्यूटी के दौरान कार्यालय में मौजूद न रहने वाले सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। उनके जवाब आने के बाद ही नियमानुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।