रैहन (कांगड़ा)। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के वासा गांव में श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन आचार्य प्रकाश शर्मा ने भक्तों को कथा श्रवण करवाते हुए श्रीमद्भागवत को सभी वेदों का सार बताया। उन्होंने कहा कि इस कथा को सुनने से मनुष्य जन्म-जन्मांतर के पापों से मुक्त होकर तृप्ति प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि कथा सुनने या किसी भी शुभ काम को करवाने के पीछे का उद्देश्य परम लक्ष्य की प्राप्ति ही होता है। कथा आयोजन स्थल में प्रवेश करने से पहले सांसारिक जीवन के दुख तकलीफों को भूलकर उस परम परमेश्वर ईश्वर का चिंतन मनन ही करना जरूरी है और घर से जिस उद्देश्य को लेकर कथा सुनने आते हैं, उसे पूरा जरूर करना चाहिए।
कलयुग में केवल प्रभु का स्मरण ही भव से पार किए जाने का एकमात्र आधार है। यदि आपके पास एक स्थान पर बैठकर प्रभु का नाम लेने का समय नहीं है, तो आप चलते फिरते भी अपने मन मंदिर में परम परमेश्वर का स्मरण कर सकते हैं। ऐसा करने पर भी आपको भागवत कथा श्रवण का पुण्य फल प्राप्त होगा।