बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा ने शुक्रवार को ऐतिहासिक शिव मंदिर में माथा टेका और भोले शंकर का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी धर्मेंद्र शर्मा ने न्यास की तरफ से उन्हें मंदिर की तस्वीर के रूप में स्मृति चिन्ह भेंट किया।
खुशहाल शर्मा ने कहा कि बैजनाथ बाजार के तंग भाग में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए लगभग तीन लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं । जल्द ही बंद पड़ी ट्रैफिक लाइटों को ठीक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण किया हुआ है, उनके विरुद्ध कानून के दायरे के अंदर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नगर पंचायत और स्थानीय लोगों के सहयोग से यहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाने पर विचार किया जा रहा है । इन कैमरों की मदद से कोई भी अप्रिय घटना घटने पर दोषियों को पकड़ने में सहायता मिलेगी। इस मौके पर उनके साथ बैजनाथ के डीएसपी बीडी भाटिया, थाना प्रभारी ओम प्रकाश ठाकुर, मंदिर के ट्रस्टी अनिल अवस्थी और पुजारी धर्मेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।