कांगड़ा/नगरोटा बगवां। आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर कांगड़ा और नगरोटा बगवां में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान भारतीय सेना जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद, वंदे मातरम् और भारत माता की जय के उद्घोष के बाजार गूंज उठे।
कांगड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक पवन काजल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में नन्हे खिलाड़ियों द्वारा पकड़े गए 100 फीट लंबे तिरंगे के नीचे भारत माता के जयघोष के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। कॉलेज रोड से शुरू हुई तिरंगा यात्रा तहसील चौक होते हुए नेहरू चौक पर जाकर संपन्न हुई।
नेहरू चौक पर लोगों को संबोधित करते हुए विधायक काजल ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने हिमाचल सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि अफसरशाही में एक-दूसरे पर आरोप लगाने से साफ हो गया है कि सरकार की प्रशासनिक पकड़ कमजोर हो गई है। काजल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आने वाला कल भाजपा का होगा।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, मंडल भाजपा अध्यक्ष रंजीत सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष चंपा भारद्वाज, शिखा चौधरी, रमेश महेशी सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उधर, नगरोटा बगवां के मुख्य बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक अरुण कुमार कुक्का के नेतृत्व में रैली निकाली। इसमें नगरोटा बगवां मंडल भाजपा अध्यक्ष सोनू चौधरी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अन्य संगठनों के कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय सेना जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद, वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से पूरा बाजार गूंज उठा।
नगरोटा बगवां में तिरंगा यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता। -स्रोत: पार्टी