पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर शहर में नेहरू चौक पर सीवरेज पाइप डालने के अधूरे पड़े काम को पूरा कर दिया है। इससे लोगों व चाय के दुकानदार को काफी राहत मिली है। पालमपुर में नेहरू चौक के पास लीक हुई सीवरेज की पाइप को ठीक करने का काम पिछले कई दिनों से चला था लेकिन इस काम को बीच में ठेकेदार ने अधूरा छोड़ दिया था।
रेत-बजरी के ढेर भी सड़क किनारे पड़े थे जबकि चाय की दुकान के पास एक गड्ढा भी खोदा गया था, जिसमें सारी गंदगी बह रही थी। इससे चाय पीने वाले लोग और दुकानदार काफी परेशान थे। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। लिहाजा, अब इस काम को पूरा कर दिया है जबकि दुकान के आगे गड्ढे को भी बंद कर दिया है। इससे लोगों और चाय की दुकान के मालिक को भी काफी राहत मिली है। उधर, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विकास शर्मा ने कहा कि अधूरे पड़े काम का पता चलते ही ठेकेदार को इसे ठीक करने के आदेश दे दिए थे। अब इस काम को ठीक कर दिया गया है।