धर्मशाला में ग्रामीण पर्यटन साइट्स तथा पर्यटन मार्गों को विकसित करने के संदर्भ में आयोजित बैठक ?
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि जिले में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। ऐसे पर्यटन स्थल विकसित किए जाएंगे, जहां अभी पर्यटक नहीं पहुंच सके हैं। इसके लिए ग्रामीण पर्यटन स्थलों एवं पर्यटन मार्गों को विकसित करने के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और वन विभाग को डीपीआर भी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी कार्यालय के सभागार में मंगलवार को ग्रामीण पर्यटन साइट्स और पर्यटन मार्गों को विकसित करने के संदर्भ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। जिंदल ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर नगरोटा बगवां में टूरिज्म साइट्स विकसित करने के लिए आवश्यक निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। इसमें सूचना केंद्र, रेस्तरां, वॉश रूम, सोवनियर शॉप्स, भवनों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग सुविधा इत्यादि तैयार करने के लिए कहा गया है, जिसे सैलानियों को आकर्षित किया जा सके।
इसके साथ ही गगल-लंज-मसरूर-नगरोटा सूरियां-हरिपुर गुलेर सड़क को भी बेहतरीन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस मार्ग पर जगह-जगह पर यात्रियों के लिए वर्षा शालिकाएं, शौचालय इत्यादि निर्मित करने के साथ-साथ विभिन्न जगहों पर मार्ग को चौड़ा करने के लिए भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं।
वन विभाग को ग्रामीण टूरिज्म के दृष्टिगत इको पार्क बनाने के लिए भी आवश्यक प्लान तैयार करने के लिए कहा गया है। इससे पहले उपनिदेशक पर्यटन विनय धीमान ने ग्रामीण पर्यटन साइट्स को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर एडीएम रोहित राठौर, उपंडलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।