धर्मशाला। गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण में प्रभावितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया में प्रशासन ने 450 करोड़ रुपये की राशि आवंटित कर दी है। प्रशासन ने प्रभावितों को 505 करोड़ रुपये की राशि आवंटित करने का खाका तैयार किया था। इसमें अब प्रशासन 100 करोड़ रुपये की राशि सरकार से मिलने का इंतजार कर रहा है। साथ ही प्रशासन ने आगामी चरण के लिए प्रभावितों के लिए 300 करोड़ रुपये देने का खाका तैयार किया है। राशि मिलने के बाद सहमति देने वाले प्रभावितों को राशि आवंटित करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत 14 गांवों की 147.7587 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो रही है। इसमें 25.1064 हेक्टेयर सरकारी भूमि भी शामिल है। वहीं, 1.5 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर कुछ लोगों के आवासीय और व्यवसायिक भवन भी बने हुए हैं। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से मुआवजा राशि का भी आवंटन किया जा रहा है। इसमें एयरपोर्ट के साथ लगते मुहालों में राशि का आवंटन किया भी गया है।
मामला न्यायालय में भी विचाराधीन
प्रशासन की ओर से मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया को शुरू किया है, लेकिन एयरपोर्ट विस्तारीकरण संघर्ष समिति की ओर से न्यायालय में याचिका दायर की है। इसमें मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। वहीं, संघर्ष समिति की ओर से लगातार एयरपोर्ट विस्तारीकरण का विरोध किया जा रहा है।
प्रभावितों को 450 करोड़ की राशि आवंटित की जा चुकी है। सरकार से जैसे-जैसे राशि मिल रही है, उसके हिसाब से मुआवजा राशि आवंटित की जा रही है।
इशांत जसवाल, एसडीएम कांगड़ा