संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय में जनरेटर की व्यवस्था न होने से प्रशासनिक कामकाज पर गंभीर असर पड़ रहा है। बुधवार को बिजली आपूर्ति बाधित होते ही सचिवालय के विभिन्न कार्यालयों में काम ठप हो गया। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
सचिवालय में कार्य के लिए आए लोगों प्रवेश कुमार, दिनेश कुमार, अरविंद, गौरव, अंजलि, बबली, सपना, स्नेहलता और सुनीता आदि का कहना है कि छोटे-छोटे कामों के लिए दूरदराज से आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
बिजली न होने के कारण उन्हें बिना काम करवाए ही लौटना पड़ रहा है। इससे समय और पैसे की बर्बादी हुई। मिनी सचिवालय में चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाएं भी संचालित हो रही हैं लेकिन बिजली कटौती के दौरान ये कार्य भी बाधित हुए।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मिनी सचिवालय में जनरेटर की स्थायी व्यवस्था की जाए जिससे बिजली कटौती के दौरान भी कार्य सुचारू रूप से चलते रहें।
मिनी सचिवालय धर्मशाला में लाइट न होने के चलते परिसर में पसरा अंधेरा। -संवाद