शुक्रवार को अंतिम दिन कामकाज निपटाते पुराना कांगड़ा डाकघर के कर्मी। -स्रोत : जागरूक पाठक
कांगड़ा। पुराना कांगड़ा में 1960 से संचालित हो रहे कांगड़ा टाउन डाकघर को बंद करने की अधिसूचना जारी हो गई है। डाक विभाग की ओर से 26 सितंबर से इस शाखा को डिफंक्शन करने की नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है, जिससे शनिवार से यहां लेनदेन और डाक वितरण पूरी तरह ठप हो जाएगा। विभाग के इस फैसले से स्थानीय लोगों में गहरा रोष और मायूसी है।
डाकघर बंद होने के बाद उपभोक्ताओं के बचत खातों को करीब चार किलोमीटर दूर समेला उपडाकघर में स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे पुराना कांगड़ा के वार्ड नंबर एक, दो और तीन के सैकड़ों उपभोक्ताओं, विशेषकर बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। तीन वर्ष पूर्व भी विभाग ने इसे बंद करने की कवायद शुरू की थी, लेकिन जनता के विरोध के चलते यह टल गया था।
स्थानीय लोग अब यहां उपडाकघर या नॉन-डिलीवरी ब्रांच ऑफिस स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में लोगों ने स्थानीय विधायक पवन काजल और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज को मांग पत्र भी सौंपा है। स्थानीय नगर पार्षद भावना वर्मा और अनिल चौधरी ने चेतावनी दी है कि यदि पुराना कांगड़ा में उपडाकघर या नॉन-डिलीवरी कार्यालय नहीं खोला गया, तो जनता को लामबंद कर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
सीनियर सिटीजन फोरम के मुल्ख राज चौधरी, राकेश मेहरा, राखी शर्मा, आशुतोष और वर्मा ने भी अधिसूचना को तुरंत रद्द करने की मांग उठाई है। उधर, डाक विभाग देहरा मंडल के अधीक्षक संजीव शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि 26 सितंबर से पुराना कांगड़ा डाकघर को डिफंक्शन कर दिया गया है और सभी खाते समेला उपडाकघर में शिफ्ट कर दिए गए हैं।