भवारना (कांगड़ा)। भवारना पंचायत के वार्ड नंबर एक में स्टोव फटने से झुलसे मां-बेटा और बहू के मामले में शुक्रवार को धर्मशाला से आई फोरेंसिक टीम ने तथ्य जुटाए हैं। बुधवार रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने रात को ही कमरे को सील कर दिया था। धर्मशाला से आई फोरेंसिक टीम ने इस कमरे को पंचायत प्रधान तनु भारती की मौजूदगी में खोला। जबकि डीएसपी विकास धीमान, थाना प्रभारी राजकुमार, जिला पार्षद ज्वाला प्रसाद और पंचायत सदस्य आशु कुमार भी मौजूद थे। फोरेंसिक टीम ने कमरे की गहनता से पड़ताल की और मौके से कुछ सबूत भी अपने कब्जे में लिए।
बुधवार रात भवारना निवासी राजेश कुमार उसकी पत्नी सुलोचना देवी और मां बीना देवी घर पर ही थे। बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय स्टोव फट गया। इससे सुलोचना को आग लग गई, जिसको बचाते समय राजेश और उसकी मां को भी आग लग गई और तीनों झुलस गए। गंभीर रूप से घायल हुए इन तीनों का टांडा मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।
गंभीर रूप से घायल हुई सास व बहू अभी तक बयान देने की स्थिति में नहीं है। जबकि राजेश ने स्टोव फटने की बात पुलिस को बताई है। उधर, थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि अभी बीना देवी और उसकी बहू सुलोचना देवी की हालत ठीक नहीं है जिस कारण उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। फोरेंसिक टीम ने तथ्य जुटाए हैं।