धर्मशाला। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में पंजाब के व्यक्ति से बरामद विदेशी मुद्रा के मामले में कांगड़ा पुलिस उसके बैंक खाते खंगाल रही है। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति के बैंक खातों में कहां-कहां से पैसों का लेन-देन हाल के दिनों में हुआ है। साथ ही पुलिस ने व्यक्ति को दो दिन का समय विदेशी मुद्रा के जायज होने से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का दिया है। रविवार तक उसकी ओर से दस्तावेज पेश नहीं किए गए तो सोमवार को पुलिस मामले की जांच को लेकर ईडी को पत्र लिखेगी।
मैक्लोडगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब निवासी व्यक्ति से पांच विभिन्न देशों की लाखों की विदेशी करेंसी शुक्रवार को बरामद की थी। बरामद की गई मुद्रा में यूएस डॉलर, कनाडा डॉलर, पौंड, दीनार और यूरो शामिल हैं। भारतीय मुद्रा के अनुसार यह 63,94,694 रुपये की राशि आंकी जा रही है। व्यक्ति के पास इतनी विदेशी मुद्रा होने को लेकर जांच की जा रही है कि इसे कहां से लाया गया है। साथ ही इतनी राशि को लेकर व्यक्ति मैक्लोडगंज में क्यों आया था।
एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि मैक्लोडगंज में पंजाब निवासी व्यक्ति के बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है। दो दिन का समय व्यक्ति को दस्तावेज पेश करने के लिए दिए हैं। रविवार तक व्यक्ति ने दस्तावेज पेश नहीं किए तो सोमवार को मामला ईडी को दिया जाएगा।