स्टेट कैडर के विरोध में पेन डाउन स्ट्राइक पर बैठे पटवार एवं कानूनगो संघ के सदस्य। -स्रोत: संघ
धर्मशाला। स्टेट कैडर के विरोध में पटवार एवं कानूनगो महासंघ की सामूहिक हड़ताल शनिवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। पहले पटवार एवं कानूनगो दो दिन सामूहिक अवकाश पर रहे, जबकि शुक्रवार से पेनडाउन हड़ताल पर हैं। सरकार के अड़ियल रुख के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं राजस्व को भी नुकसान हो रहा है।
हालांकि, भारी बारिश के दौरान आपदा संबंधी कार्यों में पटवारी एवं कानूनगो अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। दूसरी ओर, सेवानिवृत्त पटवारियों ने भी दोबारा सेवाएं देने से इनकार कर दिया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। गौरतलब है कि महासंघ के आह्वान पर 25 और 27 फरवरी को सामूहिक अवकाश के बाद 28 फरवरी से पेन डाउन स्ट्राइक जारी है। पंचायत प्रतिनिधियों का समर्थन भी हड़ताल को मिल रहा है।
हड़ताल पर बैठे महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जिला स्तर पर हुई नियुक्तियों के बावजूद स्टेट कैडर थोपना अन्यायपूर्ण है। इसी को लेकर शनिवार को जिला कांगड़ा की भी सभी तहसीलों और उपमंडल कार्यालयों में पटवारियों एवं कानूनगो वर्ग ने एकजुटता दिखाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।