देहरागोपीपुर/रक्कड़ (कांगड़ा)। शिक्षा खंड रक्कड़ के तहत राजकीय माध्यमिक पाठशाला चपलाह में शिक्षक कश्मीर सिंह का तबादला होने से छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों में भी रोष है। बुधवार को जैसे ही अभिभावकों को संबंधित शिक्षक के तबादले की जानकारी मिली, तो वह स्कूल पहुंच गए।
अभिभावकों का कहना है कि यदि संबंधित अध्यापक की ट्रांसफर रद्द नहीं हुई तो वह बच्चों का दाखिला दूसरे स्कूल में करवाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। रोष स्वरूप सुबह करीब साढ़े 11 बजे अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल से घर भी ले गए। अभिभावक विपिन कुमार और ममता कुमारी ने बताया कि इस स्कूल में पहले 5 से 7 बच्चे ही रह गए थे, लेकिन अध्यापक कश्मीर सिंह और एक अन्य अध्यापक के सहयोग से अब स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या 15 हो गई।
उन्होंने घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को इस स्कूल में दाखिल करने के लिए प्रेरित किया। बताया जा रहा है कि अध्यापक कश्मीर सिंह का लक्ष्य अगले साल तक इस स्कूल में बच्चों की संख्या 25 तक करना था, लेकिन उनके तबादले से अभिभावकों में रोष है। उन्होंने विरोध स्वरूप अगले तीन-चार दिन बच्चों को स्कूल नहीं भेजने का फैसला किया है।
वहीं, अभिभावकों ने शिक्षा विभाग को चेतावनी दी है कि यदि अध्यापक का ट्रांसफर नहीं रोका गया तो उनके बच्चों को चपलाह स्कूल से हटाकर किसी अन्य स्कूल में डाल देंगे। हालांकि ट्रांसफर हुए अध्यापक के स्थान पर दूसरे अध्यापक ने ज्वाइन भी कर लिया है।
कोट्स:
आज सुबह चपलाह स्कूल से ईमेल के माध्यम से संबंधित घटनाक्रम की जानकारी मिली है। तबादले का फैसला विभाग का है, इस बारे कुछ नहीं कह सकते।
-अनिल डोगरा, प्रधानाचार्य, राजकीय पाठशाला चपलाह