उड़ान समूह की एमएसएटी छात्रवृत्ति परीक्षा देते हुए विद्यार्थी। संवाद
लठियाणी (ऊना)। सामाजिक कल्याण संस्था उड़ान समूह की ओर से रविवार को उड़ान टैलेंट सर्च प्रतियोगिता के तहत एमएसएटी-2026 परीक्षा का आयोजन ऊना, बंगाणा और अंब के स्कूलों में किया गया।
इस परीक्षा 10वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके विभिन्न स्कूलों के 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों ने भाग लिया। संस्था के मुख्य संरक्षक योगराज भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान करना है।
योग्यता के बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण कई विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी नहीं कर पाते या उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को संस्था अपनी आय और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि एमएसएटी-2026 में पात्रता के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं। पात्र विद्यार्थियों में प्रथम 11 स्थान हासिल करने वालों को समूह के वार्षिक समारोह में छात्रवृत्ति, 18 हजार रुपये से अधिक की इनामी राशि और उत्कृष्टता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
योगराज भारद्वाज ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जीएसएसएस बंगाणा के प्रधानाचार्य राज पाल सिरोही, जीएसएसएस ऊना के प्रधानाचार्य अमर सिंह और राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब के प्रधानाचार्य संजय कुमार का आभार व्यक्त किया।