धर्मशाला। कांगड़ा जिले में बुधवार को कोविड संक्रमित एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और 21 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 4 कोविड संक्रमित मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिदंल ने बताया कि पालमपुर के द्रंग गांव की 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले में अब कोविड के एक्टिव केस 236 हैं। सभी संक्रमित नागरिकों के उपचार के लिए उचित व्यवस्था की गई है।
वहीं, होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड रोगियों को दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जिला कांगड़ा में इस समय कोरोना संक्रमण के कुल 46,490 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 45,209 मरीजों ने वायरस को मात दे दी है। वहीं 1041 मरीजों की मौत हो चुकी है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन कोविड संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क और सजग है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भी सामाजिक दूरी की अनुपालना सुनिश्चित करें तथा मास्क का उपयोग भी किया जाना जरूरी है तभी कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।