शहीद कैप्टन विक्रम बत्तरा संग्राहालय।
- फोटो : Kangra
पालमपुर (कांगड़ा)। बत्तरा पेट्रोल पंप पर अब शहीद कैप्टन विक्रम बत्तरा की बचपन से लेकर शहादत तक की यात्रा से लोग रूबरू हो पाएंगे। इंडियन आयल लिमिटेड कंपनी ने यहां शहीदों की स्मृतियों को संजोकर संग्रहालय का निर्माण किया है। वीरवार को कंपनी की ओर से इसका लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम में पर कारगिल युद्ध के दौरान 13 जैक रजिमेंट के कमान अधिकारी रहे सेवानिवृत्त लै. जनरल वाईके जोशी शामिल रहकर संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे। पेट्रोल पंप पर स्थापित संग्रहालय में शहीद कै. विक्रम बत्तरा के बचपन से लेकर सेना प्रशिक्षण और कारगिल युद्ध की गाथा को छाया चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। गौर हो कि कारगिल युद्ध के महानायक मरणोपरांत परमवीर चक्र से अलंकृत बलिदानी कै. विक्रम बत्तरा के परिजनों को सरकार की ओर से पेट्रोल पंप मंजूर हुआ था।
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर कृषि विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार के विपरीत स्थापित पेट्रोल पंप का संचालन बलिदानी परिवार की ओर से किया जा रहा है। ऐसे में यह संग्रहालय कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों को कै. विक्रम बत्तरा की जीवन गाथा से रूबरू होने का माध्यम बनेगा।
इसके साथ ही सीएसआईआर तथा केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी और बाहरी राज्यों से उच्च शिक्षा में पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को भी बतरा की जीवनी को पढ़ने का मौका मिलेगा। इस संदर्भ में शहीद बिक्रम बतरा के पिता गिरधारी लाल बत्तरा ने बताया कि संग्रहालय में बलिदानियों की जीवन गाथा को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी, वहीं बलिदानियों को सम्मान मिलेगा।