खुंडियां कॉलेज में सांस्कृतिक प्रस्तुति देतीं छात्राएं। -स्रोत : संस्थान
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अब अपने घरों से दूर नहीं जाना पड़ता, उन्हें अपने घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। खुंडियां कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि विधायक संजय रतन ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस कॉलेज की घोषणा की थी। वर्ष 2019 में रिकार्ड समय में इस महाविद्यालय के भवन का निर्माण किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रशासन ने महाविद्यालय के लिए भूमि दान करने वाले सज्जनों को भी सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रो. शिव कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर कॉलेज की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान विधायक ने मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। संजय रतन ने अगले सत्र से महाविद्यालय के लिए 25 कंप्यूटर और लाइब्रेरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में छात्रों के लिए खेल मैदान बनाने के लिए सरकार द्वारा उचित राशि दी जाएगी।
उन्होंने अगले सत्र से खुंडियां बाजार से महाविद्यालय तक शटल बस चलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के लिए एनसीसी की यूनिट भी दी जाएगी। विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार देने की घोषणा की।