जवाली(कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से कुछ समय पहले ही बेसहारा और पालतू पशुओं के उपचार के लिए मोबाइल बैन चलाई गई है। घर-द्वार घायल पशुओं के उपचार करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार के गृह क्षेत्र जवाली में ही कई मवेशी घायल अवस्था में घूम रहे हैं जिनको देखकर हर किसी का दिल पसीज रहा है।
इनका उपचार करने के लिए पशुपालन विभाग से गुहार लगाने के बाद भी कोई नहीं आता है। कुछ समाजसेवी संस्थाओं ने इन घायल पशुओं को पकड़कर इनका उपचार अपने खर्च पर किया जाता है। मंत्री चंद्र कुमार के गृह क्षेत्र में ही दावों की पोल खुल रही है। अब ऐसा ही मामला हरसर पंचायत में भी देखने को मिला है। स्थानीय लोगों कुलवीर सिंह, राजेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, सुनील, विदेश कुमार और सागर सिंह ने कहा कि हरसर पंचायत में एक बेसहारा बैल काफी जख्मी हालत में है। बेसहारा बैल का कान कट चुका है और गहरा जख्म पड़ा हुआ है। यह बेसहारा बैल मदद के लिए इधर-उधर भटकता रहता है।
इसको पकड़ने की स्थानीय युवाओं ने काफी कोशिश की, लेकिन जख्म में दर्द होने के डर से यह दूर भाग जाता है। पशुपालन विभाग के कर्मियों को भी अवगत करवाया गया, लेकिन जख्मी बैल को मरहम लगाने कोई भी नहीं आया। बुद्धिजीवियों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से मांग की है कि घायल बैल को पकड़कर इसे गौशाला में ले जाकर इसका उपचार किया जाए ताकि इसकी जान बच सके। इस संदर्भ में पशुपालन विभाग जवाली की अधिकारी कनिका ने बताया कि स्थानीय पंचायत की ओर से इस बेसहारा पशु को पकड़ लिया जाए तो विभाग बैल का उपचार कर देगा। पशुपालन विभाग जिला कांगड़ा के उपनिदेशक डॉ. संजीव धीमान ने बताया कि पशुओं के उपचार के लिए शीघ्र ही एक शॉटगन जवाली विभाग को उपलब्ध करवाई जाएगी।