ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। रेलवे पुलिस चौकी कंदरोड़ी के तहत मोहटली रेलवे फाटक के निकट 107/01 किलोमीटर स्थान पर बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे चौकी अतिरिक्त प्रभारी विक्रमजीत ने बताया कि कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन मास्टर की ओर से इसकी जानकारी दी गई थी कि ट्रेन से टकराकर किसी व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक व्यक्ति की उम्र 30 से 35 वर्ष के करीब बताई जा रही है।
इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया गया है। शव की पहचान न होने पर शव को शवगृह नूरपुर में 72 घंटे के लिए रखा जाएगा। मृतक ने काला पजामा, चेक कमीज और काली हुड पहन रखी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।