धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगते माता कुनाल पत्थरी मंदिर में कमेटी के चुनाव में अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को निर्विरोध चुन लिया गया है। सचिव पद के लिए 12 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव में अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो और सचिव के लिए तीन नामांकन आए थे। शुक्रवार को नामांकन वापसी के दिन अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार करनैल राणा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके चलते सकोह निवासी नरेश कुमार कमेटी के अध्यक्ष पर निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। कोषाध्यक्ष पद की उम्मीदवार सरोज गुलेरिया के नामांकन वापस लेने के बाद सराह के दविंद्र सिंह निर्विरोध चुने गए। सचिव पद के तीन उम्मीदवारों में एक उम्मीदवार भूपिंद्र सिंह ने भी नामांकन वापस लिया। अब सचिव पद के लिए मैदान में दो उम्मीदवार अभिनेश धीमान और मृदुल ठाकुर हैं। सचिव पद के चुनाव के लिए 12 फरवरी को मतदान होगा। इस दिन चुनाव अधिकारी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देंगे।
कमेटी के निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष नरेश कुमार ने कहा कि सचिव पद के चुनाव के बाद कमेटी की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। जिसमें मंदिर के विकास में सहयोग करने और काम करने वाले लोगों काे स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि सभी लोग मिलकर मंदिर के विकास में काम करेंगे। वहीं मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा प्रदान की जाएंगी।