ज्वालामुखी (कांगड़ा)। महिला मंडल ज्वालामुखी के जीर्णोद्धार किए भवन का उद्घाटन विधायक संजय रतन ने किया। महिला मंडल की अध्यक्ष सुदर्शना देवी, कार्यकारिणी एवं सदस्यों ने विधायक का स्वागत किया। सुदर्शना देवी ने बताया कि इस भवन का निर्माण 17 नवंबर 1993 को स्वर्गीय पंडित सुशील रतन के मार्गदर्शन में हुआ था। 12 वर्षों से उपेक्षित इस भवन के जीर्णोद्धार की मांग जब महिलाओं ने विधायक के समक्ष रखी तो उन्होंने तुरंत नगर परिषद ज्वालामुखी को निर्देश देकर कार्य पूरा करवाया।
विधायक ने भवन के ऊपरी हिस्से का कार्य भी शीघ्र करवाने का आश्वासन दिया। महिलाओं के आग्रह पर विधायक ने सदस्यों के लिए तीन दिवसीय बस टूर और एक दिन फिल्म दिखाने का पूरा खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की। साथ ही कुर्सियों के लिए 50 हजार रुपये व अन्य फर्नीचर की राशि देने का एलान किया।
इस अवसर पर एसडीएम संजीव शर्मा, आरओ ईशानी, बिजली बोर्ड के एक्सईएन पटियाल, डीएसपी संजय शर्मा, नगर परिषद ज्वालामुखी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और ईओ सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।