ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। डमटाल के एक होटल में जबरन कैद की गई एक युवती से जबरन जिस्मफरोशी का धंधा करवाने के आरोप में उसके साथ चार अन्य लड़कियों को धर्मशाला से आई स्पेशल पुलिस फोर्स ने बरामद किया है। मामले में डमटाल पुलिस ने होटल मालिक और उसके दो पुत्रों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
डमटाल-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल में कैद की गई 27 वर्षीय युवती ने होटल मालिक जनक राज और उसके दोनों बेटों आकाश और विजय के खिलाफ जिस्मफरोशी का धंधा करवाने का आरोप लगाया है। युवती ने कहा कि वह गुड़गांव में रियल एस्टेट के क्षेत्र में कार्य कर रही थी। तभी उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया कि आपका नंबर जॉब डॉट कॉम से लिया गया है। फोन पर युवती को होटल में बतौर रिसेप्शन में अच्छे वेतन के साथ नौकरी देने की पेशकश की गई। इसके बाद युवती गुड़गांव से पठानकोट चक्की पुल पर अप्रैल की 10 तारीख को सुबह पहुंच गई। पठानकोट पहुंचने के बाद बाइक पर सवार एक युवक युवती को मिला और उसे होटल में नौकरी दिलाने की बात करते हुए अपनी बाइक पर बिठाकर डमटाल की पहाड़ियों पर स्थित होटल में ले गया।
होटल पहुंचने पर होटल के मालिक ने युवती को अगले दिन से बतौर रिसेप्शनिस्ट तैनात करने की बात कहते हुए आराम करने के लिए कहा। इसी बीच होटल में अन्य चार लड़कियां भी मौजूद थीं। इसके बाद होटल मालिक ने पांचों लड़कियों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद युवती ने किसी तरह अपने परिवार को इसकी सूचना दी। इनके हस्तक्षेप के बाद युवती ने डीएसपी हेडक्वार्टर धर्मशाला तक संपर्क किया।
पीड़िता की ओर से संपर्क साधने के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर धर्मशाला से बलदेव दत्त अपनी पुलिस टीम लेकर तुरंत डमटाल में पहुंचे और होटल में चलाए सर्च अभियान के तहत बेसमेंट में एक कमरे में बंद की गई शिकायतकर्ता युवती को बरामद किया। युवती ने बताया कि उसके साथ चार अन्य लड़कियां भी हैं, जिन्हें पुलिस ने होटल के अन्य कमरे से बरामद किया।
डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने बताया कि डमटाल स्थित जेके इंटरनेशनल होटल के मालिक जनक राज और उसके दो बेटों आकाश और विजय के खिलाफ थाना डमटाल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। होटल से सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं होटल से बरामद की गई लड़कियों को इंदौरा न्यायालय में पेश किया जाएगा।