धर्मशाला में पत्रकार वार्ता करते हुए होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी। संवाद
मनाली-भरमौर के मार्ग सुधारे, मैक्लोडगंज सड़क की नहीं सुधरी दशा : बांबा
कहा, सड़कें और मूलभूत सुविधा न होने से पर्यटक रद्द करवा रहे बुकिंग
हर वर्ष बरसात में होता नुकसान, प्रशासन नहीं कर पाया स्थायी समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। बरसात में पर्यटन क्षेत्रों मनाली और चंबा में ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके बावजूद एक माह के भीतर वहां के प्रशासन और प्रतिनिधियों की ओर से किए कार्याेें के परिणामस्वरूप वोल्वो बसें पहुंचना शुरू हो गई हैं। वहीं, धर्मशाला से मैक्लोडगंज तक 10 किलोमीटर सड़क को स्थानीय प्रशासन बहाल नहीं करवा पाया है। मौजूदा हालात ये हो चुके हैं कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज वाया कैंट रोड बड़े वाहनों के लिए बंद होने के कारण पर्यटकों के ग्रुप अपनी बुकिंग रद्द करवा रहे हैं। बुधवार को धर्मशाला में होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी बांबा ने पत्रकारवार्ता में ये बात कही।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष बरसात से मैक्लोडगंज सड़को को नुकसान होता है। संबंधित विभाग-प्रशासन मिट्टी डालकर लीपापोती कर देता है लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जाता। पिछले 4-5 साल से मैक्लोडगंज तक वोल्वो बस नहीं जा पा रही है। इस बार प्रशासन ने मैक्लोडगंज के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई हुई है। वहीं, प्रशासन क्षेत्र के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक खड़ा डंडा मार्ग को भी बहाल करने में नाकाम रहा है। बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा का निवास स्थान और सेना की छावनी होने के बावजूद सड़क के लिए अपनाया जा रहा यह रवैया सही नहीं है। पर्यटन कारोबार पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है और ऑक्यूपेंसी भी नाममात्र की रह गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बरसात के दौरान पानी से होने वाले नुकसान का कारण निकासी व्यवस्था सही नहीं होना है। सड़कों के किनारे की नालियां बंद कर दी गई हैं। निकासी की चैनलाइजेशन करने के साथ नालियों का निर्माण सही ढंग से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े हवाई अड्डा लाने की बात कही जा रही है, लेकिन सड़क और मूलभूत सुविधाएं नहीं होंगी तो पर्यटक यहां पर क्यों आएंगे। ये सुविधाएं पर्यटकों को नहीं मिलेंगी तो पर्यटन कारोबार बंद हो जाएगा। होटल के कर्मचारी और अन्य निर्माण कार्य में जुटे कामगार भी नहीं पहुंच पा रहे हैं, क्योंकि टैक्सी का किराया देने में वे असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की दशा सुधारने और मूलभूत सुविधाओं के लिए एसोसिएशन ने पहले भी मांग उठाई, लेकिन कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेताया कि एसोसिएशन की ओर से उठाए जा रहे मामले पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो होटल संचालक आंदोलन करने से गुरेज नहीं करेंगे। इस दौरान व्यापार मंडल कोतवाली बाजार सहित भागसू के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।