धर्मशाला। जिला कांगड़ा में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य कर दिया है। विभाग और संबंधित एजेंसियों की ओर से इसके लिए 16 अगस्त की अंतिम तिथि तय की गई है। यदि उपभोक्ता निर्धारित समय सीमा तक अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करवाते हैं तो उन्हें सिलिंडर के लिए लगभग दोगुनी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
समय पर ई-केवाईसी न करवाने की स्थिति में उपभोक्ताओं को मिलने वाली रियायत पर असर पड़ सकता है। ऐसे में वर्तमान में 1,020 रुपये में मिलने वाला घरेलू गैस सिलिंडर उपभोक्ता को 2,200 रुपये तक में प्राप्त होगा। उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए गैस एजेंसियों की ओर से उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर रिमाइंडर मैसेज भी भेजे जा रहे हैं।
उपभोक्ता ई-केवाईसी की प्रक्रिया को कई माध्यमों से आसानी से पूरा कर सकते हैं। इसके लिए वे इंडियन ऑयल वन मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी या अपने डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर भी सत्यापन करवा सकते हैं। बायोमीट्रिक और अन्य सत्यापन प्रक्रिया के लिए आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा।
इंडियन ऑयल के जिला सेल अधिकारी गौरव जोशी ने कहा कि सरकार की ओर से गैस उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करने और केवल पात्र उपभोक्ताओं तक ही सब्सिडी का लाभ सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य की गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपनी ई-केवाईसी करवा लें।