जवाली (कांगड़ा)। द फिशरीज सोसायटीज एसोसिएशन पौंग डैम रिजर्वियर की बैठक अध्यक्ष जसवंत सिंह व महासचिव कमल सिंह की अध्यक्षता में महाराणा प्रताप भवन में हुई। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मछुआरा निधि योजना की शर्तों का विरोध करते हुए आगामी रणनीति तैयार की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक मछुआरे से जमीन का पर्चा, परिवार नकल, पहचान पत्र व पैन कार्ड मांगा जा रहा है। साथ ही 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के मछुआरों को इस योजना से बाहर रखा गया है। उन्होंने तर्क दिया कि अधिकांश मछुआरे सरकारी या आबादी देह जमीन (लाल लकीर) पर काबिज हैं, ऐसे में वे जमीन का पर्चा कहां से देंगे।
संघ ने मांग की है कि इस योजना को बिना किसी शर्त के हर पंजीकृत मछुआरे के लिए लागू किया जाए। इस बैठक में कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, मिलखी राम, बलदेव सिंह, रविंद्र कुमार, किशन चंद, तरसेम कुमार, कौर चंद, मुकेश कुमार व विनय सिपहिया सहित कई सदस्य मौजूद रहे।