नगरी (कांगड़ा)। गदर-2 की गांव कलूड में इनडोर शूटिंग हुई। इससे पहले सन्नी देओल ने मंगलवार को अपने प्रशंसकों को गुड़ मार्निंग शेयर की। उन्होंने कहा कि धौलाधार की तलहटी में खूबसूरत वादियों में शूटिंग के साथ दिल को भी सुकून मिल रहा है। आज की इनडोर शूटिंग में स्थानीय युवा भी शॉट देते नजर आए।
सूत्रों से पता चला कि दो दिन के बाद करीब 50 से 60 युवाओं को आर्मी की वर्दी में देखा जा सकता है। बता दें कि दो दिसंबर से पालमपुर उपमंडल के चचियां (नगरी) क्षेत्र के छोटे से गांव कलूड में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य देशराज शर्मा के घर में ही सेट तैयार किया गया है, मुख्य इंडोर शॉट यहां ही फिल्माए जा रहे हैं। मंगलवार को इंडोर शूटिंग में अमिषा पटेल और सन्नी देओल पर गाने के शॉट फिल्माए गए, जिसमें स्थानीय युवकों को भी शामिल किया गया।
आउटडोर शूटिंग के शेड्यूल में अब तक हंगलोह के जंगल के अलावा चिंबलहार में भी कुछ शाट फिल्माए गए हैं। 22 दिन तक चलने वाली इस शूटिंग के दौरान पालमपुर के अलावा योल कैंट एरिया में भी शूटिंग का शेड्यूल है।