धर्मशाला। पालमपुर क्षेत्र के अंतर्गत सड़क हादसे में एक 55 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार निवासी गांव रचियाड़ा (तहसील पालमपुर) के रूप में हुई है, जो एक विद्युत परियोजना में कार्यरत था। शनिवार शाम जब वह अपनी ड्यूटी खत्म करके स्कूटी से घर लौट रहा था तभी बगियाड़ा गांव के समीप दुर्घटना का शिकार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बगियाड़ा के पास अचानक कृष्ण कुमार की स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दौरान उनका सिर सड़क किनारे पड़े एक पत्थर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए सीएचसी गोपालपुर पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। परिजनों ने मौत को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद