बरसात के मौसम में दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस विभाग ने जारी की एडवाइजरी
लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे न जाने के लिए भी की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला में मूसलाधार बारिशों का दौर चला हुआ है। मौसम विभाग ने भी आगामी कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। ऐसे में बारिश के बीच दुर्घटनाओं से बचने के लिए पुलिस विभाग ने लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान पुलिस विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश के बीच वे अपने वाहनों की स्पीड कम रखें।
इसके अलावा फॉग लाइटों का प्रयोग करें। साथ ही इंडीकेटर का भी इस्तेमाल करें। वहीं लोगों और यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को नदी-नालों के नजदीक जाने से गुरेज करने को कहा गया है। इस संदर्भ में एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर का कहना है कि बारिश के बीच वाहन चालक एहतियात बरतें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि वाहन चालक कम स्पीड में वाहन चला कर जहां खुद को सुरक्षित रख सकते हैं, वहीं राहगीरों की जान को भी खतरे में डालने से बचा सकते हैं।