धर्मशाला। पुलिस थाना गगल के अंतर्गत अनसोली में एक घर से शातिरों ने 20 लाख रुपये की नकदी और 10 लाख रुपये के गहने चुरा लिए। परिवार के घर पर न होने का फायदा उठाते हुए शातिरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामला शनिवार देर रात का है। देर रात को जब परिवार घर पहुंचा तो चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही शिकायतकर्ता ने एक व्यक्ति पर चोरी का शक जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना में रोहित शर्मा निवासी अनसोली ने शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा कि शनिवार को वह परिवार के साथ बाहर गए थे। इसके बाद रात करीब 12:00 बजे जब वह अपने घर के बाहर पहुंचे तो पाया कि गेट को खोलने का प्रयास किया गया है। इसके बाद जब वह घर के अंदर पहुंचे तो पाया कि पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। इस दौरान अलमारी से 20 लाख रुपये नकदी और करीब 10 लाख रुपये के सोने और डायमंड के आभूषण चोरी हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। इस दौरान दरवाजा खोलने के लिए प्रयोग किया गया दराट भी पुलिस को मौके पर मिला है। पुलिस ने परिवार के बयान कलमबद्ध किए।
गगल पुलिस थाना में अनसोली के रोहित शर्मा की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया है। उन्होंने एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है। मामले की हर बिंदु से जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हितेष लखनपाल, एएसपी कांगड़ा