ज्वालामुखी मंदिर में रविवार को उमड़ी आस्था का सैलाब। संवाद
चामुंडा/ज्वालामुखी/कांगड़ा। कांगड़ा जिले के शक्तिपीठ ज्वालामुखी, चामुंडा और बज्रेश्वरी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भीषण गर्मी के बावजूद महिलाएं, बच्चे और अन्य श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े रहे और पूरा दिन मां के नाम के जयकारे लगाते रहे। तीनों मंंदिरों में करीब 25,500 श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री चामुंडा देवी के नंदीकेश्वर धाम में 8,000, बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में 2,500 औरज्वालामुखी मंदिर में लगभग 15,000 श्रद्धालु पहुंचे। गर्मी की छुट्टियों और सप्ताहांत के कारण बाहरी राज्यों से श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। ज्वालामुखी मंदिर में शनिवार शाम से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही थी। रविवार सुबह 5:00 बजे जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, श्रद्धालुओं की लंबीं कतारें दर्शन के लिए उमड़ पड़ीं। मंदिर प्रशासन ने इस भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। ज्वालामुखी मंदिर के अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने श्रद्धालुओं से सहनशीलता और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि सभी को शांतिपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से दर्शन का लाभ मिल सके।
ज्वालामुखी मंदिर में रविवार को उमड़ी आस्था का सैलाब। संवाद