संसारपुर टैरेस से फतेहपुर सड़क पर पौंग बांध के समीप गाड़ियों की टक्कर के बाद लगा जाम।
- फोटो : Kangra
संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। संसारपुर टैरेस से फतेहपुर पौंग डैम सड़क पर ट्रक और टैंकर में टक्कर हो गई। वहां से गुजर रही बीबीएमबी की जेसीबी मशीन भी खराब हो गई। इससे सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार पौंग डैम सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। ट्रक ड्राइवर के अनुसार ट्रक स्टार्ट नहीं हो रहा था। संसारपुर टैरेस से फतेहपुर की तरफ जा रहे तेल के टैंकर ने विपरीत दिशा में खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। थोड़ी देर बाद करीब तीन बजे जब वहां से बीबीएमबी की बड़ी जेसीबी मशीन गुजरने लगी तो वह दुर्घटनाग्रस्त तेल के टैंकर के पास आकर बंद हो गई। काफी मशक्कत के बाद भी यह स्टार्ट नहीं हो पाई। इस दौरान जाम लग गया। एक बस चालक सड़क किनारे से जैसे ही निकलने लगा, तो बस भी मिट्टी में फंस गई। संसारपुर टैरेस पुलिस ने लगभग तीन घंटे बाद सड़क को खुलवाया।