पालमपुर(कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर में रविवार शाम से हुई बारिश से काफी नुकसान हो गया है। सड़कों पर कई जगह ल्हासे गिर गए हैं। पट्टी राजपुर के पास रेलवे लाइन के पास जमीन धंस गई है। पंचरुखी के अगोजर में नाले में आए उफान से एक व्यक्ति की कार पानी में बह गई है। पालमपुर से धर्मशाला वाया नगरी सड़क पर लटवाला के लाल गल्लू के पास पहाड़ी से मलबा गिरने से सड़क पर यातायात बंद हो गया, इसे बाद में चालू कर दिया गया।
हालांकि, पहाड़ों पर बारिश न होने से न्यूगल नदी का बहाव नहीं बढ़ा है। वहीं, पंचरुखी ब्लॉक के तहत पंचायत अगोजर के गांव अंद्रेटा में बारिश कहर बनकर आई। पंचायत अगोजर को लाखों का नुकसान तो हुआ ही, साथ में अंद्रेटा निवासी बलदेव चंद की कार भी नाले में आए उफान में बह गई। इसे बाद क्रेन की मदद से कार को निकाला गया। पंचायत प्रधान अगोजर राजेंद्र कुमार ने बताया कि पंचवटी पार्क का निर्माण कराया था, लेकिन पानी पार्क के रास्ते सामान अपने साथ बहा ले गया। इससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।