इंदौरा (कांगड़ा)। विकास खंड इंदौरा की ग्राम पंचायत सुरडवां में संदिग्ध परिस्थितियों में रात को महिला की मौत का मामला सामने आया है। यही नहीं महिला की मौत के बाद परिजनों ने रात को ही उसका अंतिम भी संस्कार कर दिया।
महिला के मायके वालों ने इसका विरोध किया है और इसकी शिकायत थाना इंदौरा में की है। इसके बाद इंदौरा थाना के प्रभारी सुरेश शर्मा और डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। मृतक महिला की बहन का कहना है कि अगर उसकी मृत्यु हो गई थी, तो अंतिम संस्कार रात के अंधेरे में क्यों किया गया। डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। मृतक महिला का नाम बचनो देवी है, मृतक महिला की मां ने बताया कि उसकी बेटी के पति की कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी। रात को महिला के घर वालों ने उसके मायके फोन कर बताया कि महिला ने दवाई खा ली है। वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं, लेकिन महिला को अस्पताल नहीं ले जाया गया और रात को ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलु से जांच की जाएगी कि महिला की मौत कैसे हुई है और उसे इस तरह से रात के अंधेरे में क्यों जलाया गया। वहीं, इस मामले में फोरेंसिक टीम ने भी तथ्य जुटाए हैं।
परिवार में दो वर्षों में संदिग्ध मौत का तीसरा मामला
सुरडवां पंचायत के इस परिवार में दो साल के भीतर ही संदिग्ध मौत का यह तीसरा मामला है। इससे पहले हुई दो मौतों मृतका के पति और देवरानी के शव का भी रात को ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था।