बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ-पपरोला नगर परिषद के बैजनाथ क्षेत्र और पपरोला के वार्ड नंबर सात में पानी की समस्या गहराती जा रही है। विभाग को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। इसके चलते सोमवार को वार्ड पार्षद अनीता सूद की अगुवाई में लोगों ने विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर समस्या के बारे में अवगत करवाया। लोगों ने साफ कहा है कि अगर एक हफ्ते में समस्या का हल नहीं हुआ तो अधिशासी अभियंता के कार्यालय पर ताला लगा दिया जाएगा और उनका घेराव कर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया जाएगा।
वार्ड नंबर सात के निवासी रंजन गोयल, अशोक सूद, धर्मचंद, आशीष सूद, प्रदीप सूद, नंदन गोयल और अजय गोयल आदि का कहना है कि अप्रैल माह में विभाग के अधिकारियों ने मौका देखकर मार्च माह के अंत तक समस्या का समाधान करने की बात कही थी। लेकिन, दो माह बीत जाने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। उनका कहना है कि विभाग पानी के बिल तो भेज रहा है पर पानी देने में फेल साबित हो रहा है। विभाग ने पपरोला बाजार में पानी की नई पाइपलाइन का अधूरा कार्य किया है। पाइप को जमीन के अंदर नहीं किया गया है। इस कारण रोजाना दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
दूसरी तरफ, बैजनाथ में आए दिन पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। सप्ताह में मात्र तीन दिन लोगों को पानी नसीब हो पा रहा है। बैजनाथ को भट्टू पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति होती है और आए दिन विभाग के कर्मचारी कह रहे हैं कि पीछे से पाइप टूट रहे हैं। अधिशाषी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।