13 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई वर्कशॉप, परिसर में 65 बसें खड़ी करने की सुविधा
वर्कशॉप परिसर में एक साथ 4 से 5 बसों को लगभग डेढ़ घंटे में चार्ज करने की क्षमता
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। एचआरटीसी की बसें अब धर्मशाला वर्कशॉप के बाहर सड़क किनारे खड़ी नहीं होंगी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब 13 करोड़ रुपये से तैयार की गई वर्कशॉप एचआरटीसी को हैंडओवर कर दी गई है। निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के बाद अब इसके इस्तेमाल से बसों की पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नई वर्कशॉप में करीब 60 से 65 बसों को एक साथ खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे वर्कशॉप के बाहर और आसपास की सड़कों पर खड़ी होने वाली बसों को परिसर के भीतर जगह मिल सकेगी। इससे सड़क पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भी सड़क किनारे खड़ी बसों के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
इस वर्कशॉप की एक खास सुविधा बसों की चार्जिंग व्यवस्था भी है। यहां एक साथ चार से पांच बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इनको करीब डेढ़ घंटे में चार्ज करने की क्षमता निर्धारित की गई है। इससे इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव में भी सुविधा मिलेगी।
करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस वर्कशॉप को शहर में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्कशॉप के नियमित संचालन से एचआरटीसी की बसों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने और उनके रखरखाव में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हमारी ओर से वर्कशॉप का कार्य पूरा करके एचआरटीसी को सुपुर्द कर दिया है। हमारा काम कार्य को पूरा करने था। लगभग 13 करोड़ रुपये से इस वर्कशॉप का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही जो थोड़ा-बहुत कार्य बचा है, निगम स्वयं करेगा।
-जफर इकबाल, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला