पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर को जब पैसा ही कम मिल रहा है तो पेंशनरों को वित्तीय लाभ कहां से मिलेंगे। विवि को हर माह दो करोड़ कम बजट मिल रहा है। यह बात कृषि विवि पालमपुर के कुलपति डाॅ. डीके वत्स ने उनसे मिलने पहुंचे विवि के पेंशनर संघ से कही। कुलपति ने विवि के पेंशनरों की ओर से पूछे गए सवाल का कि उनकी लंबित मांगों को आज तक क्या हुआ। इस पर कुलपति ने उनके सवाल का जवाब बजट की कमी बताया, लेकिन उन्होंने बजट कम आने के बाद विवि अपने स्तर पर पेंशनरों के वित्तीय लाभों का ख्याल रखने की बात कही है।
पेंशनर सभा की कार्यकारिणी का शिष्ट मंडल डॉ. सुशील कुमार फुल्ल की अध्यक्षता में कुलपति डॉ. दिनेश कुमार वत्स से मिला। पेंशनरों ने कुलपति से पूछा है कि उनकी लंबित मांगों का आज तक क्या हुआ है। इसकी उन्हें जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अपने मिलने वाले वित्तीय लाभों का पता चल पाया। संघ के अध्यक्ष डाॅ. सुशील फुल्ल ने कहा कि कुलपति ने पेंशनरों को विवि की वित्तीय स्थिति को लेकर साफ कर दिया है कि विश्वविद्यालय को निर्धारित वार्षिक ग्रांट पूरी नहीं मिल रही है। हर मास दो करोड़ रुपये कम मिल रहे हैं। फिर भी आर्थिक प्रबंधन करके विवि इस बार प्रति दावेदार को एक मेडिकल बिल का भुगतान कर रहे हैं।
पूरे बिलों की अदायगी के लिए करोड़ों की राशि चाहिए। पीपीओ रिवाइज्ड भी इशू होने शुरू हो गए हैं। उनका कहना है कि विवि हर साल करीब 25 करोड़ रुपये कम बजट मिलने के कारण आर्थिक संकट में है। कृषि विवि पेंशनरों के वित्तीय लाभ कई दिनों से लटके हुए है। इस मौके पर शिष्टमंडल में अध्यक्ष के अतिरिक्त डॉ. सुदर्शन भटेड़ि़या और ठाकुर चतुर सिंह शामिल रहे।