गगल (कांगड़ा)। गगल और इसके आसपास के दर्जनों गांवों में रोजाना हो रही बिजली कटौती से आम जनता, विशेषकर दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन एक से दो घंटे तक की बिजली गुल रहने से जहां व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं झुलसती गर्मी में लोग राहत के लिए तरस रहे हैं।
स्थानीय निवासी गुलजार, अमन, अतुल, प्रदीप, विकास, नीरज, गोलु, शानु, राजेश, अनिल, संजु और राजेंद्र कुमार आदि ने बताया कि यह समस्या हर गर्मी में सामने आती है, लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने बिजली बोर्ड से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि हर साल यह परेशानी न झेलनी पड़े।
उधर, विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता करण मेहता ने बताया कि बिजली लाइन में थोड़ी खराबी थी, जिसे ठीक कर दिया है। अब लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और यदि कोई नई समस्या आती है, तो उसकी जांच कर समाधान किया जाएगा।