धर्मशाला। जिला कांगड़ा के लोगों से साइबर ठगी के तीन मामलों में पांच आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार किए हैं। साइबर क्राइम पुलिस थाना उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनसे 9.20 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों ने वर्ष 2023 और 2024 में जिले के लोगों से ऑनलाइन ट्रेडिंग और चैनल रिव्यू जॉब के नाम पर 68.85 लाख रुपये ठगे थे। मामलों की जांच में जुटी टीम को आरोपियों की जानकारी मिलने के बाद हाल ही में टीम राजस्थान भेजी गई थी। राजस्थान में गिरफ्तार चार आरोपियों को संबंधित पुलिस थाना के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि एक आरोपी को धर्मशाला लाकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक दो जून 2023 को साइबर क्राइम थाना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर शातिरों ने उनसे 40 लाख रुपये की ठगी की है। इस मामले में थाना की टीम निरीक्षक कमलेश कुमार, अमित कटोच, विशाल पटियाल और अनीश कुमार ने आरोपी खुशदीप दिवाकर निवासी मदेरणा कॉलोनी, कृषि मंडी, मंडोर रोड, जोधपुर, राजस्थान को जोधपुर के माता का थान पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वहींं, 30 सितंबर 2023 थाना में पालमपुर की महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि ऑनलाइन चैनल रिव्यू जॉब के नाम पर 6.60 लाख रुपये ठगे गए।
इस मामले में टीम ने पुलिस स्टेशन प्रतापनगर सदर, जिला जोधपुर पश्चिम के अधिकार क्षेत्र से तीन आरोपी गिरफ्तार किए। इनमें शाहरुख खान निवासी मेघवालों का श्मशानघाट, प्रतापनगर, अहमद राज निवासी आदा बाजारर मोचियों की गली निवार घरो का मोहल्ला, जोधपुर और राहुल चौधरी निवासी कबूतरों का चौक, भिस्तियों का बास, पटेल चौक, जोधपुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी राहुल चौधरी को पुलिस धर्मशाला लेकर आई है। इसके अलावा पांच फरवरी 2024 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर शातिरों ने उनसे 22.25 लाख रुपये की ठगी की है। पांचवां आरोपी दिनेश निवासी हवेली चौक, लूनी, जोधपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों की उम्र 25 से 31 वर्ष के बीच है। एएसपी साइबर क्राइम पुलिस थाना धर्मशाला प्रवीण धीमान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से 7.40 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। सभी मामलों की जांच जारी है और अन्य मामलों में भी टीमें विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं।