बाबा क्यालू दंगल गंगथ का फाइल फोटो।
- फोटो : Kangra
जसूर (कांगड़ा)। उत्तर भारत के सबसे बड़े और मशहूर बाबा क्यालू जी महाराज छिंज मेला दो जून से छह जून तक गंगथ में मनाया जाएगा। इसमें बड़ी माली जीतने वाले को ट्रैक्टर इनाम में दिया जाएगा। इस संबंध में मेला कमेटी की बैठक कमेटी के संयोजक सुभाष सेठी की अध्यक्षता में गंगथ में शुक्रवार को हुई। इसमें लगभग 200 लोग शामिल हुए।
कमेटी के अध्यक्ष एवं पंचायत प्रधान सुरेंद्र भल्ला ने बताया कि दो जून को केवल हिमाचली पहलवान ही अखाड़े में बुलाए जाएंगे। इस दिन झंडी की माली के लिए मोटरसाइकिल इनाम में दिया जाएगा। तीन जून को महिला पहलवानों को प्रोत्साहित करने के लिए ओपन महिला कुश्ती मैच मैट पर करवाया जाएगा, जिसमें विजेता को कार दी जाएगी। चार जून को पुरुष पहलवानों का खुला दंगल होगा और सारी कुश्तियों में जीतने वाले पहलवानों को एक-एक बलटोही इनाम में दी जाएगी। पांच जून को पुरुषों के ओपन दंगल में विजेता पहलवान को ट्रैक्टर और उपविजेता को कार मिलेगी। इसके अलावा करीब 150 बलटोहियां और 700 गागरें, एलईडी व लाखों रुपये के नकद इनाम भी दिए जाएंगे।
मेले में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान भाग लेंगे। पिछली बार ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने मेले में पहलवानों का हौसला बढ़ाया था। इसके अलावा कमेटी ने तीन से छह जून तक दिन में चौगान गंगथ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, दो और तीन जून को मालखाना मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाने का भी फैसला लिया है।