धर्मशाला। जिला कांगड़ा में इस बार बैजनाथ सहित आसपास के क्षेत्रों के किसान सब्जी मंडी बैजनाथ में भी गेहूं की फसल बेच सकेंगे। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से बैजनाथ में नया गेहूं खरीद केंद्र बनाया है। इससे पहले कांगड़ा के केवल चार ही खरीद केंद्र थे। विभाग ने इस केंद्र पर 100 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इससे पहले पालमपुर और देहरा सहित ज्वालामुखी के लोगों को गेहूं बेचने के लिए नगरोटा-बगवां या फतेहपुर अनाज मंडी सहित अन्य केंद्रों में जाना पड़ता था। लेकिन, अब सब्जी मंडी बैजनाथ नया खरीद केंद्र बन जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। विभाग ने गेहूं की खरीद के लिए पोर्टल पर किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। प्रदेश से अभी तक 20 किसानों ने फसल बेचने के लिए पंजीकरण करवाया है। जिला कांगड़ा में इस बार 4,000 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा गया है।
कांगड़ा के बैजनाथ में नया खरीद केंद्र बनाया है। सब्जी मंडी बैजनाथ पहली बार केंद्र बना है, जिससे आसपास के लोगों को भी सुविधा मिलेगी और नजदीकी केंद्र में ही फसल बेच पाएंगे। पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, कांगड़ा