ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शिमला-मटौर नेशनल हाईवे पर नादौन के नजदीक भड़ोली में एंबुलेंस और स्कूटी की जोरदार टक्कर में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक जगदीश चंद ज्वालामुखी के शाशन के रहने वाले थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि एंबुलेंस ज्वालाजी से नादौन रोड पर नए फोरलेन हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान भड़ोली कुटियारा मोड़ पर उसकी टक्कर स्कूटी से हो गई। टक्कर के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत नजदीकी अस्पताल नादौन पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
एसपी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते पर थाना प्रभारी ज्वालामुखी संदीप पटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने भड़ोली कुटियारा निवासी सोनू कुमार की शिकायत पर एंबुलेंस चालक विशाल भारती निवासी सेरा, नगरोटा बगवां के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।